CBSE Class 12th Result 2026: Top Performing Regions: Central Board of Secondary Education ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है और इस बार सिर्फ छात्रों के नंबर ही नहीं, बल्कि रीजन-वाइज प्रदर्शन भी चर्चा में है. लाखों छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया और अब टॉप रीजन, पास प्रतिशत और स्कूलों के प्रदर्शन के आंकड़े सामने आ चुके हैं. कहीं शानदार सफलता देखने को मिली तो कहीं रिजल्ट ने चिंता भी बढ़ाई. इस बार परीक्षा का दायरा भी पहले से बड़ा रहा. स्कूलों से लेकर परीक्षा केंद्रों तक बोर्ड ने बड़े स्तर पर तैयारी की थी. आइए जानते हैं इस बार किस रीजन ने सबसे ज्यादा बाजी मारी.
इस बार परीक्षा कितनी बड़ी रही?
Central Board of Secondary Education ने इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा देशभर के 7,573 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की. परीक्षा संचालन के लिए 73,500 क्लासरूम और 5 लाख से ज्यादा इनविजिलेटर्स की मदद ली गई. बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 18,57,517 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए बोर्ड ने करीब 88,000 कंप्यूटरों का इस्तेमाल किया. इस साल कुल 120 विषयों की परीक्षा कराई गई. इतने बड़े स्तर पर परीक्षा आयोजित होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.




