गोल्ज्यू महोत्सव के बाद युवाओं ने संभाली स्वच्छता की कमान।

Spread the love

गोल्ज्यू महोत्सव के बाद युवाओं ने संभाली स्वच्छता की कमान,

गौरलचौड़ मैदान में चला जोरदार सफाई अभियान।

“संकल्प क्लीन चंपावत” और कौशल दीप फाउंडेशन की पहल, युवाओं ने दिया स्वच्छ और सुंदर चंपावत का संदेश।

चम्पावत। जहां एक ओर बड़े आयोजनों के बाद सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी छोड़ दी जाती है, वहीं चम्पावत के युवाओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। जिला मुख्यालय स्थित गौरलचौड़ मैदान में “संकल्प क्लीन चंपावत” और कौशल दीप फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए मैदान में फैली गंदगी को साफ किया।

हाल ही में आयोजित गोल्ज्यू महोत्सव के बाद मैदान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट फैला हुआ था। इसे देखते हुए युवाओं ने स्वयं आगे आकर सफाई अभियान शुरू किया और पूरे मैदान को साफ-सुथरा बनाने में जुट गए। अभियान के दौरान युवाओं ने न केवल कूड़ा एकत्रित किया, बल्कि लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया।

युवाओं ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि लोग अपने आसपास सफाई बनाए रखने का संकल्प लें, तो चम्पावत को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।

अभियान में शामिल युवाओं ने यह भी कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के बाद स्थल को स्वच्छ रखना आयोजकों और आमजन दोनों की जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के स्वच्छता अभियान लगातार चलाने का संकल्प लिया।

स्वच्छता अभियान में भूपेन्द्र सिंह महर, विजय सिंह, नैतिक जोशी, दिया जोशी, अनुश्री जोशी, पीयूष तिवारी, विवेक पुजारी, हर्षित मुरारी, हिमांशु तिवारी और शैलेश कुमार समेत कई युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। युवाओं के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और इसे समाज के लिए सकारात्मक पहल बताया।

Jaya punetha editor in chief ।