चम्पावत 09 नवंबर 2025
*ई-पेंशन स्वीकृति प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु चंपावत में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित*
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर, कोषागार विभाग ने सरकारी कर्मचारियों के पेंशन संबंधी कार्यों को त्वरित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में, रविवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी सभागार, चंपावत में ई-पेंशन (e-Pension) स्वीकृति से संबंधित एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर वरिष्ठ कोषाधिकारी चंपावत, सुश्री सीमा बगवाल के कुशल दिशा-निर्देशन में तथा कोषाधिकारी श्री मयंक सक्सेना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
शिविर में जनपद चंपावत से विभिन्न विभागों के लगभग 20 आहरण-वितरण अधिकारियों (DDOs) एवं कार्यालय सहायकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। शिविर में श्री मुकेश कुमार, सहायक लेखाकार, द्वारा स्लाइड शो के माध्यम से ई-पेंशन स्वीकृति से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण का मुख्य केंद्र ई-पेंशन स्वीकृति कार्य के अंतर्गत ई-पेंशन प्रपत्रों को तैयार करने में आने वाली व्यवहारिक कठिनाईयों पर रहा, जिसका विस्तृत समाधान प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को ई-पेंशन से संबंधित विभिन्न प्रकार के शासनादेशों एवं वेतन निर्धारणों की भी विस्तृत रूप से जानकारी दी गई ताकि नियमों के अनुपालन में सटीकता सुनिश्चित की जा सके।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से आए आहरण-वितरण अधिकारियों द्वारा ई-पेंशन से संबंधित कई प्रश्न पूछे गए। इन सभी प्रश्नों का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान कोषाधिकारी श्री मयंक सक्सेना एवं सहायक कोषाधिकारी श्री प्रकाश सिंह ढेक द्वारा मौके पर ही किया गया, जिससे प्रतिभागियों की सभी शंकाएं दूर हुईं और वे प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ पाए। इस अवसर पर सहायक कोषाधिकारी श्री प्रकाश सिंह ढेक, सहायक लेखाकार श्री नितिन जोशी, श्री ललित सिंह मनराल, मजहर हुसैन, तथा कनिष्ठ सहायक श्री भुवन चन्द्र तिवारी सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।



