*जिलाधिकारी ने ली प्रधानमंत्री आवास योजना की तैयारी बैठक — ‘हॉलिस्टिक’ और ‘इनोवेशन’ श्रेणी में होंगे आवेदन*।

Spread the love

चंपावत 01 नवंबर 2025

*जिलाधिकारी ने ली प्रधानमंत्री आवास योजना की तैयारी बैठक — ‘हॉलिस्टिक’ और ‘इनोवेशन’ श्रेणी में होंगे आवेदन*

राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती समारोहों के अंतर्गत शनिवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत आवेदन की तैयारियों के संबंध में बैठक जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद चम्पावत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दो विशेष श्रेणियों — ‘हॉलिस्टिक कैटेगरी’ एवं ‘इनोवेशन कैटेगरी’ — में आवेदन प्रस्तुत किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थियों को एक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण जीवन शैली प्रदान करना है।

‘हॉलिस्टिक कैटेगरी’ के अंतर्गत ऐसे समग्र विकास कार्यों को शामिल किया जाएगा, जिनसे आवास के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं एवं सामुदायिक ढाँचे का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित हो सके। वहीं, ‘इनोवेशन कैटेगरी’ में आवास निर्माण और परियोजना प्रबंधन में नवीन, टिकाऊ एवं पर्यावरण हितैषी तकनीकों के प्रयोग पर बल दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजीकरण एवं तकनीकी तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों और जरूरतमंदों को छत प्रदान करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, अतः कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उप जिलाधिकारी चम्पावत श्री अनुराग आर्य, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, सहायक परियोजना निदेशक सुश्री विमी जोशी, जिला विकास अधिकारी नाबार्ड श्रीमती स्वाति कार्की, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चम्पावत श्री भरत त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत लोहाघाट श्री सौरभ नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।