चंपावत 10 अक्टूबर 2025
*आईटीबीपी और पशुपालन विभाग के मध्य एमओयू के तहत 600 किलो जीवित मुर्गी की सप्लाई — पशुपालकों को मिला सीधा आर्थिक लाभ*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न नवाचारपूर्ण प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और पशुपालन विभाग के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत, 9 अक्टूबर 2025 को पशुपालन विभाग चम्पावत के माध्यम से 36वीं वाहिनी आईटीबीपी, लोहाघाट को 600 किलो जीवित मुर्गी की सप्लाई की गई।
इस सप्लाई के अंतर्गत लाभार्थी श्री ऋषभ कुमार द्वारा जीवित मुर्गी की आपूर्ति की गई, जिससे उन्हें लगभग ₹70,000 की शुद्ध आय प्राप्त हुई। यह पहल पशुपालकों को उनके उत्पाद का सीधा बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल और आईटीबीपी अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। सप्लाई के दौरान आईटीबीपी की लाइन कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारीगण, तथा पशुपालन विभाग से डॉ. दीपक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि, “यह पहल न केवल स्थानीय स्तर पर पशुपालन व्यवसाय को प्रोत्साहन दे रही है, बल्कि इससे ग्रामीण पशुपालकों को स्थायी आय और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।”
इस सफल पहल से विभागीय योजनाओं के माध्यम से उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ है, जिससे जनपद में पशुपालन आधारित आजीविका को नई दिशा मिल रही है।




