चंपावत 09 अक्टूबर 2025
*मटियाल एवं मौनपोखरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन (NQAS)*
*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में चम्पावत ने हासिल की बड़ी उपलब्धि*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं सशक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रगति करते हुए जनपद चम्पावत ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
जनपद के दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर — मटियाल और मौनपोखरी को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणन नेशनल हेल्थ सिस्टम्स रिसोर्स सेंटर (NHSRC), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी किया गया है।
बाह्य मूल्यांकन के दौरान दोनों केंद्रों ने सभी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार, आयुष्मान आरोग्य मंदिर मटियाल ने 84.68 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि आयुष्मान आरोग्य मंदिर मौनपोखरी ने 82.44 प्रतिशत अंक अर्जित कर “Quality Certified” का दर्जा हासिल किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा दोनों केंद्रों की टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “बाराकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के बाद यह जनपद के लिए एक और राष्ट्रीय सम्मान है। यह प्रमाणन जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों, टीमवर्क और सेवा भावना का परिणाम है। हमारा लक्ष्य है कि जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्र भी इसी स्तर तक पहुँचें।”
डॉ. चौहान ने बताया कि NQAS प्रमाणन यह सुनिश्चित करता है कि स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को सुरक्षित, पारदर्शी और मानक आधारित सेवाएं प्राप्त हों। इस उपलब्धि के साथ चम्पावत जनपद का नाम राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है।
प्रमाणित स्वास्थ्य संस्थानों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे मूल्यांकन रिपोर्ट में उल्लिखित सुधार के बिंदुओं पर कार्य करते हुए अपनी कार्ययोजना राज्य गुणवत्ता आश्वासन इकाई (State Quality Assurance Unit) को प्रस्तुत करें। यह इकाई निगरानी ऑडिट के दौरान सुधार की पुष्टि कर एनएचएसआरसी (NHSRC) को रिपोर्ट प्रेषित करेगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि जिला स्वास्थ्य तंत्र की निष्ठा, सतत प्रयासों और बेहतर सेवा भावना का प्रमाण है। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
यह उपलब्धि चम्पावत जनपद में सुलभ, सशक्त और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘सर्वजन स्वास्थ्य, सर्वजन कल्याण’ की भावना को और सशक्त बनाती है।
Jaya punetha editor in chief ।



