*स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ थीम पर चम्पावत में हुआ आयुर्वेद दिवस आयोजन*।

Spread the love

चम्पावत 23 सितंबर 2025

*स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ थीम पर चम्पावत में हुआ आयुर्वेद दिवस आयोजन*

*चम्पावत में 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस : ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ थीम पर संगोष्ठी एवं योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, चम्पावत के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, चम्पावत में 10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं पारिवारिक सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित संगोष्ठी एवं योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस वर्ष आयुर्वेद दिवस का मुख्य विषय “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” निर्धारित किया गया था। संगोष्ठी में जनपद के ख्यातिप्राप्त आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों एवं विशेषज्ञों – डॉ. प्रकाश सिंह, डॉ. सुधाकर गंगवार, डॉ. उमेश भारती, डॉ. भास्कर मेहंदीरत्ता, डॉ. जेबा मलिक, डॉ. लता मेलकानी और डॉ. सुमन कनौजिया – ने महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।

विशेषज्ञों ने अपने व्याख्यानों में मासिक धर्म स्वच्छता, रजोनिवृत्ति संबंधी देखभाल, गर्भवती महिलाओं की आयुर्वेदिक परिचर्या, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, वृद्धावस्था जन्य विकारों का प्रबंधन, पीसीओडी (PCOD) एवं अन्य स्त्री रोग, महिलाओं में पोषण और एनीमिया नियंत्रण, शिशुवती माताओं के पोषण एवं देखभाल जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

आयुर्वेद विभाग के अनुदेशकों द्वारा इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं तथा वृद्धजनों के लिए विशेष योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार श्री गणेश पाण्डेय तथा राजकीय नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती रश्मि रावत उपस्थित रहीं।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आनंद सिंह गोसाईं ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, विशेषज्ञों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन में जिला कार्यक्रम प्रबंधक कु. उमा, नर्सिंग कॉलेज के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं, आयुर्वेद विभाग के कार्मिक तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह कार्यक्रम एक जन-जागरूकता अभियान का रूप ले सका।

Jaya punetha editor in chief ।