*चंपावत बाज़ार में मांस विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण, दी गई बर्ड फ्लू से बचाव की जानकारी* ।

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 22 अगस्त 2025

*चंपावत बाज़ार में मांस विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण, दी गई बर्ड फ्लू से बचाव की जानकारी*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में बर्ड फ्लू से सतर्कता एवं जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीना हरीशचंद्र के नेतृत्व में राजकीय पशु चिकित्सालय, सदर चंपावत की टीम ने चंपावत बाज़ार क्षेत्र में स्थित मांस विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, बर्ड फ्लू से संबंधित सावधानियाँ बरतने और लक्षणों की जानकारी दी।

 

सभी मांस विक्रेताओं को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें, नियमित रूप से चूना डलवाएँ और खुले में मांस का विक्रय न करें। टीम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ वातावरण ही बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।

इस दौरान कुल 9 दुकानों का परीक्षण किया गया। इनमें किसी भी दुकान पर मुर्गी का विक्रय नहीं पाया गया, जबकि बकरा और मछली का विक्रय किया जा रहा था। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं को स्वच्छ और सुरक्षित मांस ही उपलब्ध कराएँ तथा प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अन्यथा कार्यवाही की जाएगी।

निरीक्षण दल में श्री नवीन गुरु रानी (वैक्सीनेटर) सहित स्थानीय पीआरडी जवान और होमगार्ड जवान मौजूद रहे।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल ने कहा कि “जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के तहत जनपद में लगातार सतर्कता और जांच अभियान चल रहा है। बर्ड फ्लू जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद आवश्यक है। मांस विक्रेताओं को साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।”

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement