मानेश्वर समाचार।
07 जुलाई 2025
*चंपावत में पंचायत चुनाव-2025 के लिए व्यय अनुवीक्षण अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण*
उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग, देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में, आगामी पंचायत चुनावों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद चंपावत में त्रि स्तरीय पंचायत-सामान्य निर्वाचन-2025 के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। *यह प्रशिक्षण नोडल अधिकारी/व्यय अनुवीक्षण सेल/ वरिष्ठ कोषाधिकारी श्रीमती सीमा बंगवाल की अध्यक्षता में सोमवार को हुआ। प्रशिक्षण में विकासखंड चंपावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट हेतु नियुक्त किए गए सहायक नोडल अधिकारियों एवं प्रभारी कार्मिकों को उम्मीदवारों के चुनाव खर्च का लेखा-जोखा दाखिल करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।*
नोडल अधिकारी व्यय अनुवीक्षण तंत्र ने उम्मीदवारों द्वारा विभिन्न अनुमतियों के सापेक्ष किए गए व्यय के मिलान से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड द्वारा निर्वाचन व्यय के संबंध में जिला सूचना अधिकारी, कार्यकारी मजिस्ट्रेट (तहसील), पुलिस विभाग और आबकारी विभाग से प्राप्त होने वाली जब्ती संबंधी सूचनाओं में उम्मीदवार के व्यय को जोड़ने संबंधी तथ्यों की जांच की जाए। इसके साथ ही, उम्मीदवारों के लेखा संबंधी व्यय का आकलन कर उसे नियमानुसार दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
*वरिष्ठ कोषाधिकारी ने यह भी निर्देश दिये कि किसी भी माध्यम से अवैधानिक व्यय संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर, तथ्यात्मक विवरण प्राप्त करते हुए, सुसंगत व्यय की दरों के आधार पर उम्मीदवारों की खाता बुक में उसे दर्ज किया जाए।*
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने सभी सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी लेखा टीमों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर के साथ समन्वय स्थापित करें। उनका दायित्व होगा कि वे चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को विकासखंडवार लेखा-व्यय संबंधी प्रशिक्षण दें और उन्हें नियमानुसार लेखा दाखिल करने में सहयोग प्रदान करें।
इस प्रशिक्षण में सहायक नोडल अधिकारी, विकासखंड पाटी – श्री गणेश दत्त चौथिया, सहायक नोडल अधिकारी, विकासखंड चंपावत-श्री नंदन सिंह भाकुनी, सहायक नोडल अधिकारी, विकासखंड बाराकोट-श्री मनोज सिंह कुंवर, सहायक नोडल अधिकारी, विकासखंड- लोहाघाट- श्री संजय कुमार और प्रभारी कार्मिक (लेखा व्यय टीम) के सदस्य श्री प्रकाश नाथ (लेखाकार रोकड़), श्री अनिल कुमार (लेखाकार), श्री मजहर हुसैन (सहायक लेखाकार), श्री ललित सिंह मनराल (सहायक लेखाकार), श्री नितिन जोशी (सहायक लेखाकार), श्री मुकेश कुमार (सहायक लेखाकार), कुमारी पूजा राय (सहायक लेखाकार) एवं श्री राजीव सिंह देव (सहायक लेखाकार) उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।



