चम्पावत,
*बीस सूत्रीय कार्यक्रम की रैकिंग में प्रत्येक माह की तरह सितंबर माह की रैंकिंग में चम्पावत का प्रदेशभर में प्रथम स्थान बरकरार*
*जनपद ने 120 में से 119 अंक प्राप्त कर हासिल किया 99.17 प्रतिशत, 38 मदों में ‘ए’ श्रेणी*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श चम्पावत की परिकल्पना के अनुरूप विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जनपद चम्पावत ने बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विगत माह की भाँति प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की सितंबर माह की जनपदवार मूल्यांकन तालिका के अनुसार चम्पावत ने कुल 120 में से 119 अंक प्राप्त करते हुए 99.17 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में संचालित विकास कार्यों एवं विभागीय प्रयासों के बीच जनपद ने मूल्यांकन में शामिल कुल 39 मदों में से 38 में ‘ए’ तथा एक मद में ‘बी’ श्रेणी प्राप्त की है। किसी भी मद में जनपद को ‘सी’ अथवा ‘डी’ श्रेणी नहीं मिली है।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया जाता है। सितंबर माह की रैंकिंग में चम्पावत का प्रथम स्थान इन मदों में जनपद की प्रगति को दर्शाता है। योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभागीय समन्वय एवं नियमित समीक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मूल्यांकन तालिका में जनपद पिथौरागढ़ ने 96.58 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा जनपद चमोली ने 95.73 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
Jaya punetha editor in chief.




