चम्पावत,
*सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम पुलहिण्डोला में बहुउद्देशीय शिविर, एक ही मंच पर मिलीं जनकल्याणकारी योजनाओं की सुविधाएं*
*556 लाभार्थियों ने लिया विभिन्न विभागीय योजनाओं का लिया लाभ 58 जनसमस्याएं दर्ज, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के दिए निर्देश*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत आयोजित किए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम की कड़ी में मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज पुलहिण्डोला में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी एवं पूर्व विधायक श्री पूरन सिंह फर्त्याल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
मा. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही एक मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया। जिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग के शिविर में अपनी शुगर की जांच भी कराई। कार्यक्रम में स्वीप के अंतर्गत उपस्थित लोगों को निष्पक्ष निर्वाचन की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ मिला। स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 81, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग में 60, होम्योपैथिक विभाग में 55, पशुपालन विभाग में 52, उद्यान विभाग में 48 तथा कृषि विभाग में 25 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 35 लोगों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए। अन्य विभागों के माध्यम से भी बड़ी संख्या में पात्र लोगों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 556 लाभार्थियों ने योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान जनसमस्याओं से संबंधित कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम पंचायत पुल्ला के दिकर सिंह भंडारी ने सड़क सुधारीकरण, ग्राम जाख के गुमान राम तथा खुरपाली के मोहन चन्द्र ने सोलर लाइट सहित विभिन्न सुविधाओं की मांग रखी। इसके अतिरिक्त गौशाला, सोलर लाइट, तारबाड़ सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*सहकारिता विभाग द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत गणेश सिंह, मदन नाथ एवं सिद्ध बाबा एसएचजी बर्गोली समूह को ब्याज मुक्त ऋण योजना से लाभान्वित करते हुए ऋण चेक प्रदान किए गए। सहायक निबंधक सहकारिता श्री डी.एस. नपलच्याल ने कृषकों से सहकारिता से जुड़कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।*
*समाज कल्याण विभाग द्वारा भी जरूरतमंद लाभार्थियों को मौके पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। दिव्यांग मयंका देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गई, जबकि पूरन सिंह, रमेश राम, शोभन सिंह सहित कुल पांच लाभार्थियों को श्रवण यंत्र तथा पांच लाभार्थियों को छड़ी उपलब्ध कराई गई।*
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डागर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, ग्रामीण मंडल से चंद्रशेखर बगौली, बलवंत गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief




