चम्पावत, 03 जून 2026
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत के पुत्र से दूरभाष पर की बात, व्यक्त की गहरी संवेदना
जिलाधिकारी दिवंगत के पैतृक गांव स्वाला बड़ोली पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाटन पुल के समीप बुधवार प्रातः उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बस दुर्घटना में चालक स्वाला बड़ोली निवासी बेनीराम थ्वाल के असामयिक निधन पर मा. मुख्यमंत्री ने गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है।
इस दुखद घटना पर मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दूरभाष के माध्यम से दिवंगत चालक के पुत्र से वार्ता कर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
दुर्घटना के उपरांत जिलाधिकारी ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत चालक के पैतृक गांव स्वाला बड़ोली पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुःखद घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने दिवंगत चालक द्वारा अपने कर्तव्यों के प्रति निभाई गई निष्ठा एवं सेवाओं को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा है तथा शासन स्तर से अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।




