*चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026: 100 से अधिक प्रतिभागियों ने सीखी मधुबनी व मॉडर्न पेंटिंग की बारीकियाँ।

Spread the love

चंपावत 21 फरवरी 2026

*चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026: 100 से अधिक प्रतिभागियों ने सीखी मधुबनी व मॉडर्न पेंटिंग की बारीकियाँ*

*दो दिवसीय कला कार्यशाला में लोककला और समकालीन कला का संगम, विद्यार्थियों को मिला सृजनात्मक मार्गदर्शन*

चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय कला कार्यशाला का शुभारंभ वरिष्ठ चित्रकार एवं ‘कला दीर्घा’ अंतर्राष्ट्रीय दृश्य कला पत्रिका के संपादक डॉ. अवधेश मिश्र द्वारा किया गया।

दो दिवसीय कार्यशाला में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मधुबनी कला एवं मॉडर्न पेंटिंग की विविध शैलियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

डॉ. मिश्र ने प्रतिभागियों को रंगों के संतुलन, रेखाओं की सटीकता, विषय चयन, संरचना तथा अभिव्यक्ति की शैली पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने अपने तीन दशकों के सृजनात्मक अनुभव साझा करते हुए कला में अनुशासन, समय प्रबंधन एवं नैतिक प्रतिबद्धता को सफलता की अनिवार्य शर्त बताया।

व्यावहारिक सत्र में प्रतिभागियों को मधुबनी एवं आधुनिक शैली की पेंटिंग बनाने का अभ्यास कराया गया। सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट एवं आकर्षक कलाकृतियाँ तैयार कीं, जिनकी उपस्थित जनों द्वारा सराहना की गई।

कार्यशाला में डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के कलाचार्य द्वारा भी प्रतिभागियों को लोककलाओं एवं समकालीन कला की विशेषताओं से अवगत कराया गया।

उत्तराखण्ड की पारंपरिक ऐपण कला सहित देश की विविध लोककलाओं की विशिष्टताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सृजनात्मकता, रंग संयोजन एवं रेखांकन की बारीकियाँ सिखाई गईं।

इस अवसर पर सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों को महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चन्द्र बोस के जीवन से प्रेरणा लेने, आत्मविश्वास विकसित करने, अनुशासन अपनाने एवं राष्ट्रीय विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

डॉ. मिश्र भारत गौरव सम्मान, शिक्षा रत्न सम्मान सहित अनेक राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित हैं।

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, प्रबंधक उद्योग पंकज तिवारी, विकास नेगी, प्रिया रावत, विश्व दीपक, अरविंद जोशी, अर्पित शर्मा, रियांशु गुप्ता, पलक मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।