*जिलाधिकारी ने स्वयं सत्यापित किया प्रकरण, कमला देवी को योजनाओं का मिलेगा लाभ*।

चम्पावत 08 फरवरी 2026

*जिलाधिकारी ने स्वयं सत्यापित किया प्रकरण, कमला देवी को योजनाओं का मिलेगा लाभ*

*ममुलाकोट रात्रि चौपाल में जनसमस्याओं पर त्वरित निर्णय*

विकासखंड पाटी की ग्राम सभा मुलाकोट स्थित मज्याप ग्राम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर समाधान हेतु निर्देशित किया।

चौपाल के दौरान कमला देवी ने बताया कि पिछले 8 वर्षों से उनके पति उनके साथ नहीं रह रहे हैं, जिसके कारण उन्हें अपने दो नाबालिग बच्चों का अकेले पालन-पोषण करना पड़ रहा है। उन्होंने पेंशन, राशन तथा बच्चों के भरण-पोषण हेतु मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए स्वयं सत्यापित कर जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केसरी देवी द्वारा आवास की मांग रखे जाने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

दीपा देवी ने अवगत कराया कि उनके पति की मृत्यु लगभग 8 वर्ष पूर्व हो चुकी है और वे दो नाबालिग बच्चों के साथ आर्थिक तंगी में जीवनयापन कर रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उन्हें मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए तथा खंड विकास अधिकारी पाटी को गौशाला उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अतिरिक्त अन्य शिकायतों में मोहन सिंह द्वारा सड़क से निर्माण सामग्री हटाने, कमला देवी की आवास संबंधी समस्या, कुंदन सिंह की गौशाला निर्माण संबंधी मांग, थाला क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा सीसी मार्ग निर्माण की मांग तथा सीमा अधिकारी द्वारा मुलाकोट से मज्याप तक सड़क डामरीकरण की मांग पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, ईई लोनिवि हितेश कांडपाल सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement