चम्पावत 05 फरवरी, 2026
*पशुपालकों को दी गई पीपीआर रोग की पहचान, रोकथाम और टीकाकरण की जानकारी*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार पशुपालन विभाग की राजकीय पशु चिकित्सालय सचल, चम्पावत की टीम द्वारा विकासखंड चम्पावत के दूरस्थ ग्राम बजौन में बकरियों में फैलने वाले घातक संक्रामक रोग पीपीआर (पेस्ट डेस पेटिट्स रूमिनेंट्स) के संबंध में जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान पशुपालकों को पीपीआर रोग के प्रमुख लक्षण, संक्रमण के तरीके, रोकथाम के उपाय तथा समय पर टीकाकरण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
पशु चिकित्सकों ने बताया कि यह रोग बकरियों के लिए अत्यंत घातक हो सकता है, लेकिन नियमित टीकाकरण और सतर्कता से इससे प्रभावी बचाव संभव है।
पशुपालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से रोग से संबंधित जानकारी वाले पेम्फलेट भी वितरित किए गए, ताकि वे भविष्य में लक्षणों की पहचान कर समय रहते उपचार करा सकें।
शिविर के दौरान 18 पशुपालकों के कुल 40 पशुओं हेतु निःशुल्क औषधि वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त गोवंशीय पशुओं में पहचान सुनिश्चित करने के लिए टैगिंग का कार्य भी संपन्न कराया गया।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने समस्त विभागों को निर्देशित किया है कि वे दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर इस प्रकार के जागरूकता एवं शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें।
इस दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी सचल डा वैशाली, पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी सचल कैलाश चंद्र जोशी तथा दिनेश चंद्र उपस्थित रहे।




