जनपद के सभी देवदार एवं बांज के वृक्षों के संरक्षण के दिए कड़े निर्देश*।

चम्पावत 03 जनवरी, 2026

*जनपद के सभी देवदार एवं बांज के वृक्षों के संरक्षण के दिए कड़े निर्देश*

*जनता को फाइलों में न उलझाएं, 2 दिवस में प्रकरणों का निस्तारण करें- जिलाधिकारी*

लोहाघाट क्षेत्र के भेड़खान में देवदार के पेड़ों को गर्डल किए जाने के गंभीर प्रकरण पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

इस संबंध में जिला सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने जनपद में स्थित सभी देवदार एवं बांज के वृक्षों के संरक्षण हेतु सख्त निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हर देवदार और बांज के पेड़ को बचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पेड़ों का संरक्षण केवल वन विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि सभी विभागों एवं समाज का कर्तव्य है।”

उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्ष संरक्षण के लिए विभिन्न विभागों को क्षेत्रवार (Area-wise) जिम्मेदारियां सौंपी जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि पेड़ों को क्षति पहुंचाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

इसके साथ ही उन्होंने जनपद के सभी संबंधित पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण चिन्हित कर तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पटवारियों, ग्राम विकास अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता को अनावश्यक रूप से फाइलों में न उलझाया जाए तथा सभी प्रकरणों का अधिकतम दो दिवस के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा, दोनों ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाना अनिवार्य है।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी,उपजिलाधिकारी श्री अनुराग आर्या, आकाश जोशी, नीतू डांगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के पटवारी व विभिन्न विभागों के फील्ड अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement