मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 22 अगस्त 2025
*350 बच्चों को आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देकर किया तैयार*
स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत मैक्सटन स्ट्रांग स्कूल, बनबसा में एनडीआरएफ की टीम ने विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। एनडीआरएफ प्रभारी श्री दीपक कठायत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 350 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को आपदा से निपटने की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों को आपदा की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों की भी सहायता करने के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप से बचाव के उपाय, सड़क सुरक्षा नियम, बाढ़ सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
टीम ने बच्चों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), रक्तस्राव रोकने के प्राथमिक उपचार, आकस्मिक चिकित्सा उपाय तथा अन्य आपदा प्रबंधन तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। विशेष रूप से फायर सेफ्टी का डेमोंस्ट्रेशन और राहत-बचाव कार्य का अभ्यास बच्चों को बेहद रोचक और प्रेरणादायी लगा। इससे छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ा और आपदा की स्थिति में तुरंत व सही कदम उठाने की समझ विकसित हुई।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यार्थियों ने आपदा सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे और एनडीआरएफ टीम ने उनके सभी प्रश्नों का समाधान किया। बच्चों ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन में भाग लेकर वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव भी किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री क्लिफटन शिफवे, प्रबंधक श्री गिरीश चंद्र जोशी, उप-प्रधानाचार्य श्रीमती फिलीस जॉर्ज सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




