मानेश्वर समाचार।
चंपावत 24 जुलाई 2025
*त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया लोहाघाट के मतदान केंद्रों का निरीक्षण, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने पर दिया बल*
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के प्रथम चरण में लोहाघाट विकासखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने धुनाघाट, पाटन-पाटनी समेत अन्य केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, मतदाता लाइन प्रबंधन, बुजुर्गों व महिला मतदाताओं के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों को सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने को कहा। साथ ही यह भी चेताया कि ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही, गड़बड़ी या अनुशासनहीनता को कदापि सहन नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी निर्भय होकर मतदान में भाग लेने की अपील की और कहा कि “लोकतंत्र को मजबूती देने का सबसे बड़ा माध्यम है मताधिकार – इसका प्रयोग करें, निर्भीक होकर करें।”
पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि “कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने या मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।




