मानेश्वर समाचार।
28 जून 2025
*बांकू गांव में पंचायत चुनाव को लेकर चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को किया गया मतदान के लिए प्रोत्साहित*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत बांकू में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025 के दृष्टिगत जिला पंचायती राज अधिकारी श्री भूपेंद्र कुमार आर्य द्वारा एक विशेष मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत ग्रामीणों को अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया गया कि प्रत्येक वोट की अहम भूमिका होती है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि विकास की नींव है। उपस्थित ग्रामीणों से अपील की गई कि वे निर्भीक होकर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान में भाग लें और अपने गांव के उज्जवल भविष्य हेतु सही प्रतिनिधि का चयन करें।
डीपीआरओ श्री आर्य ने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास में सक्रिय जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है, और इसका पहला कदम है – जागरूक होकर मतदान करना। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।
इसके अतिरिक्त श्री आर्य द्वारा रौसाल-गड़सारी मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, पहुंच सुविधा एवं संभावित सुधार कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत एवं मार्ग सुधार कार्यों हेतु दिशा-निर्देश दिए।
