*मतदाता सूची में अपना और परिवार का विवरण जांचें, पात्र युवा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें — जिलाधिकारी*

*मतदाता सूची में अपना और परिवार का विवरण जांचें, पात्र युवा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें — जिलाधिकारी*

 

*27 नवम्बर तक चलेगा विशेष सत्यापन अभियान, 11 दिसम्बर तक लिए जाएंगे दावे और आपत्तियाँ*

 

*चम्पावत, 25 नवम्बर 2026, सूवि।*

 

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम व विवरण अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे समय रहते आवेदन करें। परिवार और आसपास के ऐसे युवाओं को भी आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, जो पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं।

 

भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण चल रहा है। इसके लिए 1 जनवरी 2027 अर्हता तिथि निर्धारित है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। विशेष अभियान के तहत 27 नवम्बर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों की मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं।

 

प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में 11 दिसम्बर 2026 तक दावे और आपत्तियाँ प्रस्तुत की जा सकती हैं। पहली बार नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6, किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने या नाम हटाने के अनुरोध के लिए प्रपत्र-7 तथा दर्ज विवरण में सुधार या निवास बदलने पर मतदाता पंजीकरण नए पते पर स्थानांतरित कराने के लिए प्रपत्र-8 भरें।

 

नागरिक अपने स्थानीय बीएलओ के माध्यम से या संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं। मतदाता सूची में अपना विवरण देखने और ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने और दर्ज विवरण को सही रखने में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि सूची में कोई त्रुटि मिले या निवास स्थान बदल गया हो, तो निर्धारित प्रपत्र में समय से आवेदन करें।

Jaya punetha editor in chief.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement