मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जनपद को दी लगभग 96 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात*

चम्पावत,

 

*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जनपद को दी लगभग 96 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात*

 

*जनपद में 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, सड़क, शिक्षा, पर्यटन एवं जनसुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार*

 

*67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 28.76 करोड़ रुपये की 5 नई योजनाओं का हुआ शिलान्यास*

 

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान चम्पावत को विकास योजनाओं की महत्वपूर्ण सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जनपद में सड़क संपर्क, शिक्षा, पर्यटन, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन एवं आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की लागत से पूर्ण 11 विकास योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। वहीं 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की लागत वाली 5 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

 

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित प्रमुख विकास योजनाओं में नगर पालिका परिषद चम्पावत के अंतर्गत नागार्जुन पार्क का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण कार्य 1.38 करोड़ रुपये तथा शवदाह गृह में विद्युत शवदाह गृह, गैस भट्टी एवं पारंपरिक विधि से संबंधित सुविधाओं की स्थापना का कार्य 1.57 करोड़ रुपये की लागत से शामिल हैं।

सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत टकनागूंठ से डांडामल्ला मोटर मार्ग स्टेज-2 का कार्य 7.43 करोड़ रुपये, सिप्टी-न्याड़ी मोटर मार्ग उच्चीकरण 9.23 करोड़ रुपये, रौसाल-डूंगराबोरा-चकसिलकोट मोटर मार्ग उच्चीकरण 6.88 करोड़ रुपये तथा मरोड़ाखान से छंदा असवाड़ मोटर मार्ग उच्चीकरण 7.19 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

 

इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सर्किट हाउस के विस्तारीकरण, उच्चीकरण एवं अनुरक्षण कार्य 11.41 करोड़ रुपये, ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चम्पावत में कार्यशाला एवं तकनीकी प्रयोगशाला का निर्माण 6.76 करोड़ रुपये तथा कलेक्ट्रेट चम्पावत के अपूर्ण भवन का निर्माण कार्य 3.46 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पित किया गया।

 

इसी क्रम में आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत जनपद के प्रमुख नेटवर्क विहीन दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की स्थापना का कार्य 4.79 करोड़ रुपये तथा उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, लोहाघाट के अंतर्गत डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टनकपुर में 98 बेड के महिला छात्रावास का निर्माण कार्य 7.14 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पित किया गया।

 

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई 5 प्रमुख विकास परियोजनाओं में कृषि विभाग के अंतर्गत जनपद के विभिन्न ग्रामों में चेन लिंक फेंसिंग का कार्य 14.90 करोड़ रुपये, ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत में चार कक्षा-कक्षों का निर्माण 1.28 करोड़ रुपये तथा चम्पावत के छतार में कुमाऊँनी शैली में घंटाघर (क्लॉक टावर) का निर्माण 1.11 करोड़ रुपये की लागत से शामिल है।

 

इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, लोहाघाट द्वारा देवीधुरा क्षेत्र के ग्राम देचमार, तहसील पाटी में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण 9.80 करोड़ रुपये तथा उरेडा विभाग के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना का कार्य 1.66 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

इन विकास परियोजनाओं से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क एवं आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी, वहीं शैक्षणिक संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा। मल्टीलेवल पार्किंग एवं घंटाघर निर्माण से पर्यटन और नगरीय सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की स्थापना से आपदा के समय संचार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जबकि सोलर स्ट्रीट लाइट से सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी।

 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से जनपद में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर निवास करने वाले व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। नई योजनाओं के क्रियान्वयन से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही जनपद के समग्र विकास को गति मिलेगी।

Jaya punetha editor in chief.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement