उत्तराखंड की राजनीति में अपूरणीय क्षति: मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी के निधन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
चम्पावत से लेकर टनकपुर-लोहाघाट तक शोक की लहर, दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना।
चम्पावत। उत्तराखंड की राजनीति और सार्वजनिक जीवन में अपनी ईमानदार छवि के लिए पहचान रखने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन की खबर से पूरे जनपद में शोक की लहर फैल गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इसे प्रदेश और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
भाजपा जिला कार्यालय चम्पावत में जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय खंडूरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कर्तृत्व को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में भी ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की मिसाल कायम की। संगठन ने उन्हें जो भी जिम्मेदारियां सौंपीं, उनका उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया।
सभा में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, मुकेश महाराणा, राजेश बिष्ट, सतीश चंद्र पांडे, आनंद अधिकारी, विकास शाह, सौरभ नयाल, जगदीश जोशी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम का संचालन नगर जिला प्रभारी हिमांशु बिष्ट ने किया। वहीं टनकपुर, लोहाघाट, बाराकोट समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शोकसभाएं आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई ।




