चम्पावत 31 दिसम्बर, 2025
*नववर्ष के अवसर पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अपर जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक*
नववर्ष के अवसर पर कानून-व्यवस्था, यातायात सुरक्षा एवं जनसुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी द्वारा आज पुलिस, राजस्व, परिवहन, आबकारी, फायर सर्विस एवं नगर निकायों के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नववर्ष पर विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में लोगों के क्षेत्र में आगमन की संभावना को देखते हुए मदिरा सेवन कर वाहन संचालन, ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी रोक लगाए जाने हेतु राजस्व, पुलिस, परिवहन एवं आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने वर्तमान में घने कोहरे की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए मार्ग के किनारे खड़े भारी वाहनों, यथा ट्रक आदि, को तत्काल हटवाने के निर्देश भी दिए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
इसके अतिरिक्त नववर्ष के उपलक्ष्य में जिन-जिन स्थानों पर पार्टी अथवा सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, उन सभी स्थलों पर फायर सेफ्टी सिस्टम की अनिवार्य जांच करते हुए फायर सर्विस को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी द्वारा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही संचालित किए जाने वाले संयुक्त चेकिंग अभियानों के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नववर्ष के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Jaya punetha editor in chief ।



