फूंगर बरदोली में विकासखंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी सम्पन्न, देसी नस्लों व पशुपालकों को मिला प्रोत्साहन*।

चम्पावत 24 दिसंबर, 2025

*फूंगर बरदोली में विकासखंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी सम्पन्न, देसी नस्लों व पशुपालकों को मिला प्रोत्साहन*

राजकीय पशु चिकित्सालय सचल, चम्पावत द्वारा ग्राम फूंगर बरदोली के पेंती मैदान में विकासखंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का उद्देश्य पशुपालकों को उन्नत एवं वैज्ञानिक पशुपालन के लिए प्रेरित करना, देसी नस्लों के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीण स्तर तक पहुँचाना रहा। कार्यक्रम में विकासखंड क्षेत्र के 25 पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिनके द्वारा 23 गोवंशीय, 2 महिषवंशीय एवं 56 बकरियों का प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनी में प्रदर्शित पशुओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें पशु चिकित्सा अधिकारी रेगडू डॉ. सुशोभित सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी नर्सिंगडांडा डॉ. दीपक कुमार एवं पशु चिकित्सा अधिकारी (डेयरी) डॉ. जावेद खान शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा पशुओं का आंकलन देसी गाय, संकर/क्रॉस ब्रीड गाय, बछिया तथा अन्य श्रेणियों में किया गया, जिसमें अन्य श्रेणी के अंतर्गत बकरी एवं भैंस को सम्मिलित किया गया।

प्रतियोगिता में देसी गाय श्रेणी में श्री नरेंद्र भट्ट पुत्र श्री जीवानंद भट्ट को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि संकर/क्रॉस ब्रीड गाय श्रेणी में श्रीमती राधिका देवी पत्नी श्री दिनेश चंद्र की गाय को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। बछिया श्रेणी में श्री केसर सिंह पुत्र श्री रतन सिंह को प्रथम पुरस्कार दिया गया तथा अन्य श्रेणी में श्री महेश सिंह पुत्र श्री कृष्ण सिंह की बकरी को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर श्रीमती गीता जोशी पत्नी श्री बी.सी. जोशी की गाय को चैंपियन घोषित किया गया, जिससे उपस्थित पशुपालकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक, पशु प्रजनन प्रक्षेत्र नारियलगांव, डॉ. जी.एस. खड़ायत ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए विभाग द्वारा संचालित ब्रायलर फार्म योजना, मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन, गोपालन योजना एवं बकरी पालन योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने देसी नस्लों के संरक्षण, उनकी उत्पादकता एवं आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने अनुभव भी पशुपालकों के साथ साझा किए और योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान फूंगर बरदोली श्रीमती तुलसी जोशी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी सदर चम्पावत डॉ. मीना हरिश्चंद्र, पशु चिकित्सा अधिकारी सचल डॉ. वैशाली साह, मुख्य पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी श्री आनंद सिंह सोन, पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी श्री कैलाश चंद्र जोशी, ब्रुक्स इंडिया के कार्यकर्ता श्री करण सिंह सहित श्री दिनेश चंद्र गहतोड़ी की उपस्थिति रही।

Jaya punetha editor in chief ।

फूंगर बरदोली में विकासखंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी सम्पन्न, देसी नस्लों व पशुपालकों को मिला प्रोत्साहन*।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement